हसायन (हाथरस) : गांव बांण में कुएं में गिरी भैंस निकालने के लिए रस्सी के सहारे उतर रहे होमगार्ड की कुएं में गिरने से मौत हो गई। रस्सी टूटने के कारण यह हादसा हुआ। बाद में कुएं में पानी भरकर भैंस व होमगार्ड के शव को बाहर निकाला जा सका था।
सतपाल सिंह (45) पुत्र भीकंबर निवासी बांण होमगार्ड थे। गुरुवार देर शाम उनकी भैंस कुएं में गिर गई। काफी संख्या में लोग जमा हो गए। सतपाल ने खुद नीचे उतरने का फैसला किया। कमर पर रस्सी बांधकर वह नीचे उतर रहे थे। अचानक बीच में रस्सी टूट गई, जिससे वे सीधे कुएं में जा गिरे। कुएं में गहरा पानी था। ग्रामीणों ने आवाज भी दी, लेकिन होमगार्ड की आवाज नहीं आई। घटना की जानकारी पर हसायन पुलिस मौके पर पहुंची।
कुएं से पानी निकालने के लिए मशीन मंगाई गई मगर यह प्रयोग सफल नहीं हुआ। देर रात फायर ब्रिगेड भी पहुंच गई थी। इसके बाद कुएं में टैंकर से पानी भरा गया, तब होमगार्ड और भैंस का शव बाहर निकाला जा सका।
Post a Comment