हाथरस : हाथरस जंक्शन के गांव ऐंहन में सहपऊ के युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। बाजरा के खेत में मंगलवार की सुबह उसका शव मिला। परिजनों ने मृतक की पत्नी व बहनोई पर हत्या का शक जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पत्नी को हिरासत में ले लिया गया है। बहनोई की तलाश की जा रही है।
सहपऊ के गांव भुकलारा निवासी भूपेंद्र सिंह (25) पुत्र रामवीर उर्फ लल्लू की शादी छह साल पहले जलेसर (एटा) की भावना से हुई थी। शादी के बाद एक बेटा व एक बेटी हुई। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच कुछ ठीक नहीं चल रहा था। परिवार में चल रही अनबन की सभी को जानकारी थी। भूपेंद्र की बहन सरोज की शादी कुछ साल पहले ही मुकेश पुत्र छोटेलाल निवासी जऊ (ग्वारऊ) के साथ हुई थी। मुकेश ही पति-पत्नी के बीच विवाद की वजह बताया जा रहा है। पिछले कुछ दिनांे से सब ठीक चल रहा था। बीमारी के चलते बहन सरोज मायके आई हुई थी। इन दिनों भावना की भी तबीयत ठीक नहीं थी। भुकलारा से लगभग चार किलोमीटर दूर हाथरस जंक्शन का गांव ऐंहन है। सोमवार को भूपेंद्र पत्नी को साइकिल से लेकर ऐंहन पहुंचा। भावना के कहने पर भूपेंद्र ने उसे गांव के बाहर बरगद के पेड़ के नीचे छोड़ दिया। इसके बाद सरोज को गांव से साइकिल पर लेकर गांव ऐंहन चिकित्सक के क्लीनिक पर छोड़कर आया। फिर पत्नी को लेने के लिए निकल गया। इसके बाद भूपेंद्र को किसी ने नहीं देखा। भावना अपनी ननद को लेकर दूसरे रास्ते से गांव चली गई। उसने ननद से कहा कि भूपेंद्र काम खत्म कर गांव आ जाएगा।
रात आठ बजे तक जब भूपेंद्र नहीं आया तो बहन व परिवार के लोगों को चिंता हुई। रातभर भूपेंद्र की तलाश की गई, लेकिन वह नहीं मिला। सरोज ने दिन के घटनाक्रम से परिवार को अवगत कराया। मंगलवार की सुबह परिजन बरगद के पेड़ के पास पहुंचे तथा वहां छानबीन की। पेड़ से कुछ मीटर की दूरी पर बाजरा के खेत में भूपेंद्र का लहूलुहान शव पड़ा था। उसके दोनों हाथ बंधे हुए थे तथा सिर, चेहरे व पूरे शरीर पर चाकू के निशान थे। सीओ सिकंदराराऊ राजीव कुमार, एसएचओ मनोज शर्मा मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक व डॉग स्क्वाड टीम ने छानबीन की। मृतक के चचेरे भाई नरेश बघेल ने भावना, मुकेश व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
Post a Comment