इंग्लैंड में विश्व कप शुरू होने में अब सिर्फ कुछ ही घंटे बाकी रह गए हैं और एक बार फिर वहां के मैदान क्रिकेट के इस महाकुंभ की मेजबानी के लिए तैयार हैं। इंग्लिश सरजमीं पर पांचवीं बार विश्व कप का आयोजन हो रहा है। इस बार विश्व कप के कुल 48 मैच मैच 11 मैदानों पर खेले जाएंगे। इन मैदानों में क्रिकेट का मक्का कहा जाने वाला लॉर्ड्स भी शामिल है जहां अब तक विश्व कप के चार फाइनल खेले जा चुके हैं और पांचवां इस बार खेला जाएगा, तो रोज बाउल जैसा स्टेडियम भी जहां पहली बार विश्व कप का कोई मैच खेला जाएगा। आइए जानते हैं इन सभी मैदानों के बारे में :-
लॉर्ड्स (लंदन) : इस मैदान पर विश्व कप के 10 मैच हुए हैं। इस बार यहां फाइनल समेत पांच मुकाबले खेले जाएंगे। इस बार यहां भारत का ग्रुप स्तर का कोई मैच नहीं है। लॉर्ड्स सबसे ज्यादा विश्व कप फाइनल मैच आयोजित करने वाला मैदान है। यहां 1975, 1979, 1983 और 1999 के विश्व कप फाइनल हो चुके हैं और इस बार फिर यही मैदान फाइनल मुकाबले की मेजबानी करेगा।
द ओवल (लंदन) : द ओवल में इस बार कुल पांच मुकाबले खेले जाएंगे। इस बार विश्व कप का उद्घाटन मुकाबला भी इसी मैदान पर खेला जाएगा, जो 30 मई को मेजबान इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच होगा। इंग्लैंड ने यहां अपना पहला घरेलू टेस्ट मैच 1880 में खेला था। इंग्लिश काउंटी क्लब सरे का यह घरेलू मैदान है। ओवल में भी अब तक विश्व कप के 10 मुकाबले हुए हैं। इस बार यहां भारतीय टीम नौ जून को ऑस्ट्रेलिया का सामना करेगी।
ओल्ड ट्रैफर्ड (मैनचेस्टर) : ओल्ड ट्रैफर्ड में अब तक विश्व कप के 11 मैच खेले गए हैं। इस बार इस मैदान पर विश्व कप के छह मैच खेले जाएंगे, जिसमें पहला सेमीफाइनल भी शामिल है। इस बार भारत को यहां दो मैच खेलने हैं। भारतीय टीम यहां 16 जून को पाकिस्तान का और 27 जून को वेस्टइंडीज का सामना करेगी। इसी मैदान पर 16 जून 1999 को भारत और पाकिस्तान के बीच विश्व कप का कम स्कोर वाला मैच खेला गया था, जिसे भारत ने जीता था।
द रोज बाउल (साउथैंप्टन) : यह नया मैदान बनाया गया है और अभी तक विश्व कप का कोई मुकाबला यहां नहीं खेला गया है। इस बार यहां कुल पांच मैच खेले जाएंगे। भारत को यहां दो मैच खेलने हैं। भारत यहां अपने अभियान का पहला मैच पांच जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगा, फिर 22 जून को अफगानिस्तान से सामना करेगा। इंग्लिश काउंटी क्रिकेट क्लब हैंपशायर का यह घरेलू मैदान है और इस मैदान का उद्घाटन 2001 में हुआ था। इस मैदान पर इस बार विश्व कप के पांच मैच खेले जाएंगे।
काउंटी मैदान (ब्रिस्टल) : इस मैदान पर विश्व कप के कुल तीन मैच खेले गए हैं। इस बार यहां कुल चार मैच खेले जाएंगे। भारत का यहां कोई मैच नहीं है। यह मैदान भारतीय दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के लिए यादगार रहा है। उन्होंने यहां 1999 विश्व कप में केन्या के खिलाफ नाबाद 140 रनों की पारी खेली थी, जबकि इससे कुछ दिन पहले उनके पिता का देहांत हो गया था। महिला विश्व कप 2017 में यहां आठ मैच आयोजित किए गए थे।
ट्रेंटब्रिज (नॉटिंघम) : यहां विश्व कप के 11 मैच खेले गए हैं। इस बार यहां पांच मैच खेले जाएंगे। भारत को 13 जून को न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच खेलना है। इस स्टेडियम का उद्घाटन साल 1841 में हुआ था। यहां पहली बार वनडे मैच 1974 में खेला गया था। विश्व कप का जब भी इंग्लैंड में आयोजन हुआ है तो यहां मैच जरूर हुआ है।
काउंटी मैदान (टांटन) : इस मैदान पर विश्व कप के तीन मैच खेले गए हैं। इस बार भी यहां तीन मैच खेले जाएंगे। भारत का यहां कोई मैच नहीं है। इस मैदान पर भारत के सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ का यादगार लम्हा रहा है। दोनों ने 1999 विश्व कप में दूसरे विकेट के लिए रिकॉर्ड 318 रनों की साझेदारी की थी। गांगुली (183) और राहुल द्रविड़ (153) की मदद से भारत ने श्रीलंका के खिलाफ छह विकेट पर 373 रनों का स्कोर खड़ा किया था। भारतीय टीम यह मैच 157 रनों से जीती थी।
रिवरसाइड मैदान (चेस्टर ली स्ट्रीट) : रिवरसाइड मैदान पर अभी तक विश्व कप के सिर्फ दो मैच हुए हैं। हालांकि, इस बार यहां कुल तीन मैच खेले जाएंगे। भारत का यहां कोई मैच नहीं है।
एजबेस्टन (बर्मिघम) : इस मैदान पर विश्व कप इतिहास का सबसे यादगार सेमीफाइनल मैच 1999 में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया था। यह मैच ट्राई रहा था, लेकिन सुपर सिक्स में दक्षिण अफ्रीका से आगे होने के कारण ऑस्ट्रेलिया फाइनल में पहुंच गया था। विश्व कप के इतिहास में एजबेस्टन में 11 मैच खेले गए हैं। इस बार यहां कुल पांच मैच खेले जाएंगे, जिसमें दूसरा सेमीफाइनल भी शामिल है। भारत को यहां 30 जून को मेजबान इंग्लैंड और 20 जुलाई को बांग्लादेश का सामना करना है।
सोफिया गार्डेस (कार्डिफ) : सोफिया गार्डेस में विश्व कप का सिर्फ एक मैच खेला गया है। यह ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच 1999 विश्व कप में हुआ था, जहां न्यूजीलैंड पांच विकेट से जीता था। इस बार यहां चार मैच खेले जाएंगे। भारत का यहां कोई मैच नहीं है। हाल ही में इस मैदान पर कई मैच खेले गए हैं। 2013 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से यहां ज्यादातर मैचों का स्कोर 300 से ऊपर रहा है।
हेडिंग्ले (लीड्स) : हेडिंग्ले में विश्व कप के 12 मैच हुए हैं। इनमें से एक मैच का नतीजा नहीं निकला। इस बार यहां कुल चार मैच खेले जाएंगे। भारत अपना यहां एकमात्र मुकाबला छह जुलाई को श्रीलंका के खिलाफ खेलेगा।
Post a Comment