हाथरस : घर में अकेली महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। दिनदहाड़े हो रहीं लूट की घटनाओं से साफ है कि पुलिस का इकबाल खत्म होता जा रहा है। बेखौफ बदमाश सड़क पर मोबाइल छीनने की वारदात से लेकर अब घरों में घुसकर लूटपाट को अंजाम दे रहे हैं। शुक्रवार को हुई घटना के बाद से कॉलोनी व शहर के आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।
प्रगतिपुरम की तरह तीन जुलाई 2019 की सुबह मुरसान गेट स्थित नया मिल कंपाउंड में सनसनीखेज वारदात हुई थी। बिजली वाले बनकर दो बदमाश घर में घुसे थे तथा मां-बेटी को बंधक बनाकर नकदी व जेवरात लूट ले गए थे। हालांकि एक महीने के अंदर पुलिस ने घटना का पर्दाफाश कर दिया, लेकिन इसके बाद भी दूसरी घटना हो गई। इस बार बदमाश कोरियर वाले बनकर पहुंचे। शहर में कोरियर सर्विसेज सुबह डिलीवरी नहीं करतीं। दोपहर बाद पार्सल आते हैं, जिन्हें अकसर शाम को डिलीवर किया जाता है। दूसरे दिन भी दोपहर के समय ही डिलीवरी करते हैं। यहां सुबह 8:45 बजे ही बदमाश पहुंच गए। महिला ने इस बात पर ध्यान नहीं दिया। दूसरी गलती यह रही कि वे दरवाजा खुला छोड़कर अंदर चली गईं, जिससे बदमाशों का काम आसान हो गया।
प्रगतिपुरम कॉलोनी नगला भूरा रोड पर है। नवल नगर पार करते ही बिजलीघर के पास कॉलोनी है। आसपास खेत हैं। सुनसान जगह होने के कारण यहां घटना को अंजाम दिया गया। बदमाशों ने जिस तरह लूटपाट की, उससे साफ है कि वे कई दिन से रेकी कर रहे होंगे। लूटपाट की जानकारी पर कोतवाली हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना, सीओ सिटी रामशब्द भी पहुंचे। एसओजी, फोरेंसिक व डॉग स्क्वाड ने भी घंटों छानबीन की।
नगला भूरा रोड स्थित प्रगतिपुरम कॉलोनी में शुक्रवार को दिनदहाड़े महिला को घर में बंधक बनाकर दो बदमाशों ने लूटपाट की। बदमाश लगभग 26 हजार रुपये व साढ़े तीन लाख रुपये के जेवरात लूट ले गए।
प्रगतिपुरम के रहने वाले विमल भारद्वाज पुत्र देवदत्त ऑटो पार्ट्स का काम करते हैं। सासनी गेट चौराहा पर उनकी दुकान है। घर में उनके अलावा पिता, पत्नी सरोज व 15 वर्षीय बेटा रहते हैं। शुक्रवार को सुबह 8:15 बजे विनोद व उनके पिता दुकान पर चले गए। बेटा स्कूल चला गया। घर पर सरोज अकेली रह गईं। सुबह करीब पौने नौ बजे मोटरसाइकिल से दो युवक उनके घर पहुंचे। युवकों ने खुद को कोरियर कंपनी से बताया तथा उनका पार्सल आने की जानकारी दी। सरोज ने गेट खोल दिया। पति से फोन पर बात करने के लिए गेट खुला छोड़कर अंदर चली गईं। तभी दोनों युवक उनके पीछे घर में घुस गए तथा गेट अंदर से बंद कर लिया। कमरे में सरोज को दबोच लिया तथा हाथ-पैर बांध दिए। मुंह पर टेप लगा दिया। इसके बाद तमंचे व चाकू से धमकाकर घर में रखे रुपये व जेवरात की जानकारी ले ली। कुछ ही देर में लूटपाट कर भाग गए। बाद में सूचना पाकर पुलिस व फोरेंसिक टीम ने छानबीन की। विमल ने घटना की रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
Post a Comment